Kanpur । केसीए से मान्यता प्राप्त चंद्रा क्रिकेट अकादमी की ओर से आयोजित स्पार्क चंद्रा प्रीमियर लीग (एससीपीएल) में शनिवार को पहले मैच में एसवीएएस इलेवन की टीम ने जीडीएससी अकादमी को सात विकेट से पराजित किया। दूसरे मैच में मिडवे टाइटंस इलेवन ने के न्यूज इलेवन को 38 रन से मात दी।
मंधना स्थित चंद्रा क्रिकेट मैदान पर खेले गए पहले मैच में जीडीएससी अकादमी की टीम 31.5 ओवर में 163 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से अरमान खान ने 49, सुमित पाल ने 32 और ईशु सचान ने 17 रन बनाए। एसवीएएस इलेवन के लिए युवराज यादव ने चार विकेट हासिल किए, जबकि राघव ने दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। 164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसवीएएस इलेवन ने 27.1 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। वीर आदित्य सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 100 रन की मैच विजयी पारी खेली।
जीडीएससी अकादमी की ओर से ईशु सचान ने तीन विकेट लिए। शानदार शतकीय पारी के लिए वीर आदित्य सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
राहुल सप्रू मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में मिडवे टाइटंस इलेवन ने 34.5 ओवर में 158 रन बनाए। अर्पित पांडे ने 45 और विपिन कुमार ने 32 रन का योगदान दिया। के न्यूज इलेवन की ओर से आकाश जैन ने तीन, जबकि सूर्य प्रकाश और भानु सिंह ने दो-दो विकेट झटके। जवाब में के न्यूज इलेवन की पूरी टीम 33.5 ओवर में 120 रन पर ऑलआउट हो गई।
भानु सिंह ने 40 और अनिरुद्ध सिंह ने 25 रन बनाए। मिडवे टाइटंस के लिए कार्तिक ने चार विकेट चटकाए, जबकि कुलदीप यादव और अर्पित पांडे ने दो-दो विकेट हासिल किए। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में प्रभावी प्रदर्शन करने वाले अर्पित पांडे को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।


