मनु भाकर-तजिंदरपाल होंगे भारत के ध्वजवाहक
नागोया में होगी ओपनिंग सेरेमनी, 503 खिलाड़ी उतरेंगे
New delhi । एशियन गेम्स 2026 की आगाज शनिवार 19 सितम्बर से जापान के नागोया में होगा। इन गेम्स में ओलम्पिक की दो बार की कांस्य पदक विजेता मनु भाकर और दो बार के एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट तजिंदरपाल सिंह तूर भारत के ध्वजवाहक होंगे। दोनों शनिवार को नागोया के पालोमा मिजुहो स्टेडियम में 2026 एशियन गेम्स के ओपनिंग सेरेमनी में भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे।
भारत ने इस बार एशियन गेम्स के लिए 503 खिलाड़ियों का दल भेजा है। इसमें 269 मेंस और 234 विमेंस खिलाड़ी शामिल हैं। मनु भाकर ने पेरिस ओलम्पिक 2024 में दो ब्रॉन्ज मेडल जीते। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल और सरबजोत सिंह के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में पदक हासिल किया। वह एक ही ओलम्पिक में दो पदक जीतने वाली भारत की पहली खिलाड़ी बनीं तजिंदरपाल सिंह तूर ने एशियन गेम्स में 2 गोल्ड मेडल जीते हैं।
इसके अलावा उन्होंने एशियन चैम्पियनशिप में 2 गोल्ड और 1 सिल्वर, जबकि एशियन इंडोर चैम्पियनशिप में 2 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल जीते हैं। तूर के नाम 21.77 मीटर का राष्ट्रीय और एशियन रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के साथ गेम्स रिकॉर्ड बनाया था। एशियन गेम्स का आधिकारिक उद्घाटन 19 सितंबर को होगा। हालांकि, कुछ खेलों में भारत का अभियान पहले ही शुरू हो चुका है।
भारत को इस बार भी कई खेलों में पदक की उम्मीद है। टेकबॉल में क्विम्सी डिसूजा भारत का पहला पदक दिलाने से सिर्फ एक जीत दूर हैं। वहीं, मनु भाकर और तजिंदर तूर जैसे अनुभवी और पदक विजेता खिलाड़ियों की मौजूदगी से भारतीय दल की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं। भारत ने 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड 107 पदक जीते थे। इस बार भारतीय दल की कोशिश उस प्रदर्शन को आगे बढ़ाने की होगी।


