दो सदस्यीय गवर्निंग काउंसिल में दो नामांकन होने पर निर्विरोध चुना जाना तय
गाजीपुर के संजीव सिंह ने भी दूसरे सदस्य के रूप में भरा पर्चा
Kanpur । यूपी टी-20 लीग का पहली बार दो शहरों में बेहद सफल आयोजन करने वाले कानपुर के डा.संजय कपूर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने एक बार फिर अपना भरोसा कायम रखते हुए उन्हें दोबारा जिम्मेदारी देने का फैसला किया है।

30 सितम्बर को कानपुर में होने जा रही यूपीसीए की एजीएम में इस बार गवर्निंग काउंसिल के पदों पर चुनाव होना है। जिसके लिए शुक्रवार सायं छह बजे तक दो सदस्यीय समिति के आवेदन करने थे। इस समयावधि में केवल पूर्व में पदों पर रहे चेयरमैन डा.संजय कपूर और गाजीपुर के संजीव सिंह ने ही आवेदन किया है। इसलिए इन दोनों सदस्यों का अपने पदों पर निर्विरोध चुना जाना अब तय हो चुका है।

कमला क्लब में शुक्रवार दोपहर दोनों सदस्यों ने जाकर चुनाव आयुक्त के समक्ष अपना नॉमिनेशन फार्म भरा। जिसमें डा.संजय कपूर के प्रस्तावक के रूप में यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता तथा कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला रहे। वहीं संजीव के प्रस्तावक खुद डा.कपूर और रीता डे बने।
यूपीसीए ने वर्ष 2023 में अपनी पहली यूपी टी-20 लीग की शुरुआत कानपुर में ग्रीन पार्क स्टेडियम से की थी। जिसके बाद दो सीजन लखनऊ के इकाना स्टेडियम में हुए। चौथे सीजन में यूपी लीग के चेयरमैन पद पर डा.संजय कपूर आए। उन्होंने पहली बार इस लीग को दो शहरों में कराने की चुनौती स्वीकार की।
पहला चरण लखनऊ और दूसरा कानपुर में कराया लेकिन अंतिम प्लेआफ मैचों को बारिश के कारण दोबारा लखनऊ ले जाना पड़ा। बावजूद उन्होंने सभी चुनौतियों का बखूबी सामना करते हुए लीग का बेहद सफल आयोजन कराया। फाइनल मैच में रिकार्ड दर्शक इसके गवाह बने।


