Kanpur ।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) एवं छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय की योग ओपीडी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार प्रातः विश्वविद्यालय परिसर में भव्य योग वॉक (Yoga Walk) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे विश्वविद्यालय स्थित योग ओपीडी से हुआ।
इस अवसर पर नीमा वूमेन फोरम की सचिव डॉ. वंदना पाठक ने सभी प्रतिभागियों का योग दिवस की विशेष टोपी पहनाकर स्वागत किया। योग वॉक में विशेष रूप से विश्वविद्यालय में कार्यरत महिला कर्मियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
योग वॉक योग ओपीडी से प्रारंभ होकर विश्वविद्यालय के हृदय स्थल पर स्थापित भगवान नटराज की प्रतिमा तक पहुंची तथा वहां से यू-टर्न लेते हुए रोज गार्डन में संपन्न हुई। संपूर्ण यात्रा के दौरान प्रतिभागियों द्वारा सूर्य नमस्कार के मंत्रों – “ॐ मित्राय नमः”, “ॐ रवये नमः” आदि का सामूहिक मंत्रोच्चार किया गया, जिससे वातावरण योगमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठा। योग प्रेरक संदेशों एवं उत्साहवर्धक नारों ने प्रतिभागियों में विशेष उत्साह का संचार किया।


