Kanpur । स्वरूप नगर स्थित कानपुर विद्या मंदिर महिला इंटर कॉलेज में शनिवार को जिला विद्यालयीय योग प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के आठ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। जिला विद्यालयीय योग प्रतियोगिता में वंश, प्रियांशी और रेशमी ने खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की कार्यवाहक प्रिंसिपल सुषमा देवी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास को आवश्यक बताया।

कार्यक्रम का संचालन स्नेहलता यादव ने किया। मंडलीय सचिव अनुराग मिश्रा, जिला क्रीड़ा सचिव सत्य प्रकाश तिवारी, हरी किशन शुक्ला, कल्पना अग्निहोत्री, निकिता, अशोक सिंह, शोभित पांडेय, आयोजन सचिव नीता त्रिपाठी, नेहा और ऊषा श्रीवास्तव मौजूद रहीं।
परिणाम:::निर्णायक मंडल के परिणाम में अंडर-14 बालक वर्ग में श्री मारवाड़ी इंटर कॉलेज के वंश यादव ने पहला स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में कानपुर विद्या मंदिर महिला इंटर कॉलेज की प्रियांशी प्रथम और जीजीआईसी चुन्नीगंज की तनवी द्वितीय रहीं।
अंडर-17 बालक वर्ग में श्री मारवाड़ी इंटर कॉलेज के आदित्य गोस्वामी ने प्रथम और आर्यन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में कानपुर विद्या मंदिर महिला इंटर कॉलेज की रेशमी प्रथम और गुरुनानक इंटर कॉलेज लाटूश रोड की ऐंजल साहू द्वितीय रहीं। अंडर-19 बालिका वर्ग में जुहारी देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज की रिया ने प्रथम और कानपुर विद्या मंदिर महिला इंटर कॉलेज की नित्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।


