Kanpur। मैनपुरी में चल रही सीबीएसई क्लस्टर-4 एथलेटिक्स मीट के तीसरे दिन शनिवार को डीपीएस कल्याणपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात स्वर्ण पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में अंशिका यादव ने भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं आरना चौधरी ने गोला फेंक और तनु ठाकुर ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
रिले दौड़ में भी डीपीएस कल्याणपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया, इसमें शुभी यादव, अंशिका यादव, सोनम यादव और तनु ठाकुर की चौकड़ी ने चार गुणा सौ मीटर रिले में प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। विद्यालय के एथलेटिक्स कोच दिनेश भदौरिया ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की जानकारी दी। खिलाड़ियों की सफलता पर विद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. ऋचा प्रकाश ने विजेता एथलीटों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


