लखनऊ में एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस से शुरू हुआ छह दिवसीय अभियान, छात्रों में ट्रॉफी और क्रिकेट सितारों को लेकर दिखा उत्सा
Kanpur । यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के छह दिवसीय ट्रॉफी टूर अभियान की शुरुआत शुक्रवार को एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, सीतापुर रोड से हुई। यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर आईपीएल स्टार एवं कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी तथा उत्तर प्रदेश रणजी टीम के कप्तान एवं गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने छात्रों से संवाद किया।

खचाखच भरे सभागार में दोनों खिलाड़ियों ने अपने संघर्ष, अनुशासन, फिटनेस और लगातार मेहनत के महत्व पर चर्चा की। समीर रिजवी ने कहा कि उनका पहला बैट घर की थापी थी और बचपन की शरारतों ने ही उन्हें क्रिकेट के मैदान तक पहुंचाया। उन्होंने बताया कि चेन्नई सुपर किंग्स में महेंद्र सिंह धोनी से उन्होंने दबाव में शांत रहकर बेहतर फैसले लेने की सीख ली। उन्होंने छात्रों को तनाव के समय गहरी सांस लेने की सलाह भी दी।
आर्यन जुयाल ने बताया कि उन्होंने 16-17 वर्ष की उम्र में विकेटकीपिंग शुरू की, जिसने उनके क्रिकेट करियर को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करने वाला खिलाड़ी ही सफलता हासिल करता है।
इस अवसर पर डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग, राजीव शुक्ला के विजन का परिणाम है और उनका लक्ष्य इसे देश की सबसे बड़ी घरेलू क्रिकेट लीग बनाना है।कार्यक्रम में छात्रों ने खिलाड़ियों से कप्तानी, करियर और खेल से जुड़े सवाल पूछे। खिलाड़ियों के साथ सेल्फी लेने और ट्रॉफी के साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए भी छात्रों में खासा उत्साह रहा।
कार्यक्रम का संचालन आरजे आलोक ने किया। संस्थान के वाइस चेयरमैन पीयूष सिंह चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया।इसी दिन ट्रॉफी टूर का दूसरा पड़ाव लोयोला इंटरनेशनल स्कूल, महानगर रहा। अब 8 अगस्त को ट्रॉफी गुरुकुल एकेडमी, भूतनाथ और इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, कुर्सी रोड पहुंचेगी।


