Kanpur । उत्तर प्रदेश पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा शनिवार को एक लॉन में हुई। प्रदेशभर से जुटे एसोसिएशन के सदस्यों ने बैठक में पावरलिफ्टिंग को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने और आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर मंथन किया।
आमसभा में लंबे समय से रिक्त चल रहे विभिन्न पदों पर सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। बरेली के एसपी सिंह और कानपुर के नीरज कुमार को उपाध्यक्ष बनाया गया। बरेली के मुकेश कुमार और सीतापुर के अनूप कुमार को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कानपुर के सुधांशु आर्या को कार्यालय सचिव, फतेहपुर के सूरज भान को आयोजन सचिव और कानपुर के मनीष मिश्र को सहसचिव चुना गया। सोशल मीडिया के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी कानपुर के डॉ. अचिंत अग्रवाल और नोएडा के अभ्युदय शुक्ला को दी गई।
इसके अलावा उन्नाव पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के सचिव राहुल तिवारी और बाराबंकी पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के सचिव विक्रांत पांडे को भी संगठन में जिम्मेदारी दी गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में पावरलिफ्टिंग की प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने, प्रशिक्षण सुविधाओं को मजबूत करने और खिलाड़ियों के हित में प्रभावी कार्य करने पर जोर रहेगा। आमसभा के समापन पर एसोसिएशन के संरक्षक अरुण पाठक, अध्यक्ष उमेश शुक्ला, उपाध्यक्ष राजेश दीक्षित, उपाध्यक्ष रुमित सिंह सागरी और सचिव राहुल कुमार शुक्ला समेत वरिष्ठ सदस्यों ने नई टीम के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।


