पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश, जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में लगी गोली; मंगलसूत्र-चेन लूट के बाद घर से भी मंगवा लिए थे जेवर
Kanpur । गुजैनी क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र और सोने की चेन लूटने के बाद उसे झांसे में लेकर घर से भी कीमती जेवर मंगवाने वाले अंतरजनपदीय गैंग के दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया।
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुजैनी थाना पुलिस और सर्विलांस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए और मौके पर ही पकड़ लिए गए।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात करते थे। उन्होंने पहले महिला से सोने की चेन और मंगलसूत्र लूटा, फिर उसे बहलाकर घर से अन्य सोने-चांदी के आभूषण भी मंगवा लिए। वारदात के बाद से पुलिस की कई टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के लिए कानपुर में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। इलाज के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।


