ईडी-सीबीआई अधिकारी बनकर गिरफ्तारी का डर दिखाया, चार मामलों में 1.42 करोड़ की ठगी सामने आई
Kanpur ।। ईडी और सीबीआई अधिकारी बनकर वरिष्ठ चिकित्सक को जांच और गिरफ्तारी का डर दिखाकर 48 लाख रुपये ठगने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जांच में देश के अलग-अलग राज्यों से जुड़े चार साइबर अपराध मामलों में करीब 1.42 करोड़ रुपये की ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है।पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य पहले लोगों को फोन करते थे और खुद को ईडी या सीबीआई का अधिकारी बताते थे। इसके बाद पीड़ित को किसी गंभीर मामले में फंसने की बात कहकर डराया जाता था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए डिजिटल अरेस्ट किए जाने का झांसा देकर आरोपित पीड़ित को लगातार अपने संपर्क में रखते थे। वरिष्ठ चिकित्सक को भी इसी तरह जाल में फंसाया गया और उनसे करीब 48 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए गए।जांच में पुलिस को पता चला कि गिरोह ठगी की रकम को फर्जी फर्मों और बैंक खातों के जरिए अलग-अलग राज्यों में भेजता था। इससे रकम की असली कड़ी छिपाने का प्रयास किया जाता था। पुलिस अब इन खातों में हुए लेनदेन की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, मोबाइल की जांच में साइबर ठगी से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। इनके आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम के लेनदेन का पता लगाया जा रहा है।मामले में एक अन्य आरोपित को वांछित किया गया है।
पुलिस उसकी तलाश के साथ गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर साइबर ठगी के अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।


