चंद्रनगर में सुबह छह बजे वारदात, सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस
Kanpur । चकेरी के लालबंगला स्थित चंद्रनगर में बुधवार सुबह बेखौफ पांच युवकों ने पैदल जा रहे थेरेपिस्ट को घेरकर बेल्टों से पीट दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि बदमाश मारपीट के बाद उनका बैग और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। बैग में थेरेपी में इस्तेमाल होने वाली मशीन समेत काम का अन्य सामान रखा था। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में खलबली मच गई।

चंद्रनगर निवासी आसिफ अली थेरेपिस्ट हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब छह बजे वह घर से पैदल निकले थे। कुछ दूर पहुंचते ही पहले से घात लगाए पांच युवकों ने उन्हें घेर लिया। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले आरोपितों ने बेल्टों से हमला शुरू कर दिया। मारपीट में सिर और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।
आसिफ के मुताबिक, हमलावर उन्हें बुरी तरह पीटने के बाद उनका बैग और मोबाइल लेकर भाग निकले। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को संभाला। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपित लोगों को धमकाते हुए फरार हुए।
आसिफ ने दोपहर करीब 12:30 बजे चकेरी थाने पहुंचकर तहरीर दी। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


