Tuesday, September 29, 2026
HomeकानपुरKanpur : उद्योगों की समस्याएं लटकीं तो अफसरों पर तय होगी जवाबदेही

Kanpur : उद्योगों की समस्याएं लटकीं तो अफसरों पर तय होगी जवाबदेही

 

 

टैक्स का 60 फीसदी औद्योगिक क्षेत्रों के विकास पर खर्च होगा

Kanpur।  औद्योगिक क्षेत्रों में सुविधाएं बदहाल मिलीं तो अब अफसरों की जवाबदेही तय होगी। उद्योगों और व्यापारियों की समस्याओं के निस्तारण में देरी पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कड़ा रुख अपनाते हुए समय से रिपोर्ट नहीं देने वाले विभागाध्यक्षों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नगर निगम को हस्तांतरित औद्योगिक क्षेत्रों से वसूले जाने वाले टैक्स का 60 प्रतिशत वहीं के विकास कार्यों पर खर्च करने को कहा है।

मंगलवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं जिला व्यापार बंधु की बैठक में डीएम ने लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हर समस्या का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण होना चाहिए। निस्तारण के बाद संबंधित कार्य के फोटो सहित रिपोर्ट नोडल विभाग को उपलब्ध करानी होगी।
उन्होंने औद्योगिक और व्यापारिक क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। किसी मामले में कई विभागों के समन्वय की जरूरत हो तो अधिकारी अगली बैठक का इंतजार न करें। तत्काल मामला उनके संज्ञान में लाकर समाधान कराया जाए।

10 लाख से अधिक के कामों की बनेगी सूची

नगर निगम से जुड़े 10 लाख रुपये से अधिक लागत वाले सभी कार्यों के प्रकरण एकत्र कर नगर आयुक्त के संज्ञान में देने के निर्देश उपायुक्त (प्रशासन) को दिए गए।

दादा नगर-विजय नगर सड़क की होगी मरम्मत
आईआईए ने दादा नगर से विजय नगर जाने वाली सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। बताया गया कि जल निगम और मेट्रो के कार्यों से सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को दोनों विभागों से समन्वय कर मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

पनकी तिराहा साइट-1 पर पैचवर्क और यूपीसीडा के कराए पैचवर्क की गुणवत्ता की शिकायत पर सीडीओ को जांच कराने को कहा गया।डीएम ने व्यापारियों और उद्यमियों को समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालय दिवस में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जनता दर्शन में सीधे मिलने की बात कही।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...