सांसद बोले- बूथ अध्यक्ष संगठन की असली ताकत, विधायक ने कहा- बूथ सशक्त होंगे तो जीत का अंतर भी बढ़ेगा
Kanpur। गोविंदनगर विधानसभा के लाजपत नगर स्थित रंगोली गेस्ट हाउस में मंगलवार को भाजपा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत बनाने के साथ आगामी चुनावों की रणनीति पर मंथन किया गया।मुख्य अतिथि सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि बूथ अध्यक्ष ही पार्टी और जनता के बीच सबसे मजबूत कड़ी है।
एक बूथ अध्यक्ष अपने क्षेत्र के करीब 250 घरों से सीधे जुड़ा रहता है और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उसकी सबसे अहम भूमिका होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के प्रति सतर्क रहने और संगठन की ताकत के दम पर हर चुनाव में बड़ी जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि सांसद के सहयोग से गोविंदनगर में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथों को और मजबूत करने तथा लोकसभा और विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाने का संकल्प लेने को कहा। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष केवल संगठन नहीं, बल्कि समाज के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले कार्यकर्ता भी हैं।

भाजपा नेता अजय राय ने बताया कि प्रत्येक बूथ पर कम से कम 20 कार्यकर्ताओं की टीम बनाई जाएगी। हर कार्यकर्ता को 20 घरों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि लोगों से नियमित संवाद बना रहे और उनकी समस्याओं के समाधान में मदद की जा सके।

सम्मेलन में दीपक सिंह, रंजीता पाठक, जिला महामंत्री अवधेश सोनकर, सत्यम गुप्ता, शालिनी कटियार, दीपक शुक्ला, संतोष सिंह, डॉ. विजय पटेल, दीपक राजपूत समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे।


