चकरपुर मंडी फ्लाईओवर पर हादसा, टक्कर के बाद चालक फरार
Kanpur । सचेंडी के चकरपुर मंडी फ्लाईओवर पर सोमवार रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है।
कल्याणपुर के नानकारी निवासी ऋषभ दुबे (27) सचेंडी स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। सोमवार रात करीब 8:30 बजे वह ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। चकरपुर मंडी फ्लाईओवर पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में ऋषभ गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ऋषभ के परिवार में पत्नी प्रीति, बेटा शिवांश, मां ललिता और छोटा भाई विकास हैं।
थाना प्रभारी दीनानाथ ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फ्लाईओवर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे फरार ट्रक चालक की पहचान की जा सके।


