छप्पर और पत्थर घाट पर हुई थीं अलग-अलग घटनाएं, विधायक सांगा ने बांटी 12 लाख रुपये की सहायता राशि
Kanpur । बिठूर के छप्पर घाट और पत्थर घाट पर गंगा में डूबने से जान गंवाने वाले तीन लोगों के परिवारों को शनिवार को शासन की ओर से आर्थिक सहायता दी गई। बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने दैवीय आपदा के तहत स्वीकृत चार-चार लाख रुपये की अहैतुक सहायता राशि मृतकों के आश्रितों को प्रदान की। तीनों परिवारों को कुल 12 लाख रुपये की मदद मिली।
विगत दिनों दोनों घाटों पर अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग गंगा में डूब गए थे। हादसे में उनकी मृत्यु के बाद प्रशासन ने मृतकों के आश्रितों को शासन की ओर से अनुमन्य सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की। जांच और अभिलेखों के सत्यापन के बाद प्रत्येक मृतक के परिवार के लिए चार लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई।
विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कहा कि परिवार के सदस्य की असमय मृत्यु की भरपाई किसी भी सहायता से नहीं की जा सकती। हालांकि, संकट की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का प्रयास है कि दैवीय आपदा से प्रभावित परिवारों को निर्धारित आर्थिक सहायता समय से उपलब्ध कराई जाए। इसी क्रम में तीनों मृतकों के परिजनों को सहायता राशि सौंपी गई।


