422 किसानों को 8.71 लाख रुपये का कृषि अनुदान, जनहानि और मकान क्षति के मामलों में भी राहत
Kanpur। 12 अक्टूबर। जनपद में बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों एवं परिवारों को कुल 78 लाख 52 हजार 48 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। सोमवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बाढ़ प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान के चेक वितरित किए। इस दौरान गोरखपुर में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी हुआ।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा प्रभावित प्रत्येक पात्र किसान को समय से सहायता उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र किसान राहत से वंचित न रहे।
सदर तहसील में गंगा की बाढ़ से प्रभावित हिन्दूपुर, चिरान, प्रतापपुर हरि, पृथ्वीगंज और कटरी ख्योरा के 387 किसानों को 7 लाख 73 हजार 375 रुपये दिए गए।
इन गांवों में 22.4761 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ। वहीं, नर्वल तहसील के देवसढ़ गांव के मजरा खेड़ा डोमनपुर के 35 किसानों को 98 हजार 173 रुपये का अनुदान मिला। यहां 5.0607 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हुई। दोनों तहसीलों के कुल 422 किसानों को 8 लाख 71 हजार 548 रुपये दिए गए।
अतिवृष्टि से एक अप्रैल से अब तक हुई 15 जनहानियों के मामलों में प्रभावित परिवारों को 60 लाख रुपये की सहायता दी गई। इसके अलावा 207 आंशिक क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों के लिए 8.28 लाख, पांच पक्के मकानों के लिए 32,500 रुपये और एक पूर्ण क्षतिग्रस्त कच्चे मकान के लिए 1.20 लाख रुपये दिए गए। जनहानि और मकान क्षति के लिए कुल 69 लाख 80 हजार 500 रुपये वितरित किए गए।कार्यक्रम में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) डॉ. विवेक चतुर्वेदी और तहसीलदार सदर विनय द्विवेदी सहित अधिकारी मौजूद रहे।


