बीएलए को बीएलओ के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश, युवा और वंचित मतदाताओं पर रहेगा विशेष जोर
Kanpur । मतदाता सूची को त्रुटिरहित और विवादरहित बनाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की है। सोमवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के बाद छूटे मतदाताओं और पहली बार मतदान के पात्र युवाओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची जनपद की एनआईसी वेबसाइट पर उपलब्ध है। राजनीतिक दलों को बूथवार आंकड़े भी उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने प्रतिनिधियों से सूची का परीक्षण कर नाम, पते या अन्य विवरणों में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से संपर्क कर नियमानुसार सुधार कराने को कहा।
पुरानी सूची से होगा मिलान
अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) वर्तमान मतदाता सूची का मिलान सात जनवरी 2025 को प्रकाशित अंतिम सूची और उसकी पूरक सूचियों से करेंगे। इस दौरान पुराने रिकॉर्ड में दर्ज, लेकिन वर्तमान सूची से गायब मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा। बीएलओ घर-घर जाकर उनकी मौजूदा स्थिति का सत्यापन करेंगे।
युवाओं और वंचितों पर रहेगा जोर
महेंद्र सिंह तंवर ने राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय करने और बीएलओ के साथ समन्वय बढ़ाने को कहा। अभियान में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, दिव्यांगजनों, बेघर नागरिकों, बुजुर्गों और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरवाए जाएंगे और बूथ स्तर पर विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।
रात्रि आश्रयों, श्रमिक बस्तियों और वंचित वर्गों के बीच भी पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा।
शिक्षण संस्थानों और मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने का प्रयास होगा। नए मतदाता के पंजीकरण के लिए फार्म-6 और नाम हटाने के लिए फार्म-7 का प्रावधान है। आवेदन बीएलओ, निर्वाचन कार्यालय, निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से किया जा सकता है।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विवेक चतुर्वेदी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अजय श्रीवास्तव और भाजपा, कांग्रेस, बसपा, सपा, अपना दल तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


