जनगणना-2027 के लिए चलेगा जागरूकता अभियान, 40 सवालों के जरिए जुटाई जाएगी जानकारी
Kanpur। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की दूसरी बैठक हुई। इसमें जनगणना की समय-सारिणी, विभागीय समन्वय और जनजागरूकता अभियान की रणनीति तय की गई। 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना होगी, जबकि एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक घर-घर जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके बाद पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण दौर चलेगा।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए, ताकि लोगों को स्वगणना की प्रक्रिया और जनगणना के महत्व की जानकारी मिल सके।
अभियान के तहत नगर निगम के डिजिटल डिस्प्ले बोर्डों पर जागरूकता संदेश दिखाए जाएंगे। सिनेमाघरों और मेट्रो रेल में जनगणना संबंधी जिंगल्स प्रसारित होंगे। विद्यालयों में जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी और रामलीला स्थलों पर जनगणना संबंधी फ्लेक्स लगाए जाएंगे। उद्योग बंधु और व्यापार बंधु की बैठकों में भी उद्यमियों व व्यापारियों को जागरूक किया जाएगा।
40 सवालों से जुटेगी जानकारी
जनगणना के दूसरे चरण में लोगों से व्यक्तिगत, सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़े 40 बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी। इनमें नाम, उम्र, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, मातृभाषा, शिक्षा, डिजिटल साक्षरता, रोजगार, व्यवसाय, जन्म स्थान, पूर्व निवास, पलायन के कारण और बच्चों से संबंधित सवाल शामिल हैं। इसके अलावा कोविड-19 टीकाकरण, बैंक खातों तथा मोबाइल नंबर, आधार, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जाएगी।
जिलाधिकारी ने चार्ज अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में तैयारियों की समीक्षा करने और गणना कार्मिकों के प्रशिक्षण सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने गणना की शुद्धता, पूर्णता और सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जनगणना निदेशालय के सहायक निदेशक दिनेश कुमार यादव, सहायक जिला प्रभारी हिमांशु शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


