नोएडा के खिलाफ प्लेऑफ की उम्मीदों को बचाने उतरेंगे सुपरस्टार
Kanpur । पिछले तीन साल से चल रही यूपी टी-20 लीग में कानपुर सुपरस्टार कभी भी खिताब की दहलीज तक नहीं पहुंच सका। यहां तक कि टीम पिछले तीन सीजन में केवल वर्ष 2024 में एक बार ही प्लेऑफ में जगह बना पायी है और चौथे सीजन में भी उसकी अंतिम चार में पहुंचने की संभावनाएं काफी कम है। इस सीजन में खेले गये सात मुकाबलों में कानपुर केवल एक जीत हासिल कर पायी है और अंक तालिका में सबसे नीचे छठे पायदान पर है। शनिवार को दूसरा मैच में कानपुर का सामना नोएडा से होना है। करो या मरो के इस मैच में यदि सुपरस्टार को हार मिली तो वह पूरी तरह प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो जायेगा। इसलिए उसे हर हाल में नोएडा के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। लखनऊ में खेले गये अंतिम मैच में कानपुर की तरफ से लोकल ब्वॉय आदर्श सिंह ने इस सीजन का पहला शतक लगाया बावजूद लचर गेंदबाजी के चलते टीम को हार का सामना करना पड़ा। कप्तान समीर रिजवी के नेतृत्व में टीम के बल्लेबाजों का प्रदर्शन तो सीजन में अच्छा रहा है लेकिन गेंदबाजी टीम की समस्या बनी हुई है। ऐसे में टीम को आखिरी उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए हर हाल में जीत हासिल करनी होगी।
—


