लंबित आवेदन प्राथमिकता से निपटाएं, पात्र विद्यार्थियों को समय से मिले लाभ
Kanpur । छात्रवृत्ति के पात्र विद्यार्थियों को समय से लाभ दिलाने के लिए सत्यापन प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। आवेदन लंबित रखने वाले शिक्षण संस्थान निर्धारित समयसीमा में सत्यापन पूरा कर उन्हें अग्रसारित करें। मंगलवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने ये निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों के सत्यापन और अग्रसारण की प्रगति परखी। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्गों के विद्यार्थियों की पढ़ाई में अहम मदद करती है। सत्यापन में अनावश्यक देरी के कारण किसी भी पात्र विद्यार्थी को योजना के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए।
उन्होंने शिक्षण संस्थानों को लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण करने और अभिलेखों में मिली त्रुटियों का नियमानुसार समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से संस्थानों के साथ समन्वय बनाकर सत्यापन और आवेदन अग्रसारण की नियमित निगरानी करने को कहा।
बैठक में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र विद्यार्थियों को समय से छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी वीरपाल, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


