Kanpur। कास्वीडन में 10 जुलाई से स्पेशल गोटिया कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में कानपुर कैंटोनमेंट बोर्ड के प्रेरणा स्पेशल स्कूल के छात्र और उभरते स्पेशल फुटबॉल खिलाड़ी कृष्णा अग्रवाल चयन इंडिया स्पेशल फुटबॉल टीम में हुआ है।
कृष्णा की इस उपलब्धि से न केवल प्रेरणा स्पेशल स्कूल बल्कि पूरे कानपुर में उत्साह का माहौल है। उन्होंने अपने कोच सत्येंद्र सिंह यादव के मार्गदर्शन में यह सफलता अर्जित की है। टीम चयन की प्रक्रिया 8 से 17 जून तक ग्वालियर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित विशेष प्रशिक्षण व चयन शिविर के दौरान पूरी की गई। भारतीय टीम में देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
इनमें उत्तर प्रदेश से कृष्णा अग्रवाल के अलावा पंजाब के हरमनप्रीत, बिहार के मयंक, पश्चिम बंगाल के संजीव पात्रा और नफीस, कश्मीर के अयाज, पांडिचेरी के स्टेनली, छत्तीसगढ़ के सत्यांशु और दिल्ली के एनोस शामिल हैं। उत्तर प्रदेश से सत्येंद्र सिंह यादव, बिहार से नीतीश मिश्रा, छत्तीसगढ़ से नागेश ठाकुर, कश्मीर से फिरदौस और मध्य प्रदेश और पांडिचेरी से पुष्पेंद्र व ऑनेसिस ने टीम को प्रशिक्षण दिया।
कृष्णा के चयन पर कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी स्टीफन पीडी, संयुक्त मुख्य अधिशासी अधिकारी कल्लूलुल हजारिका, उपाध्यक्ष लखन लाल ओमर, कार्यालय अधीक्षक वंदना सिन्हा, प्रधानाचार्या शिखा अग्रवाल और वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट सुब्रत बद्र ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं स्पेशल ओलंपिक्स भारत उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश शुक्ला, एरिया डायरेक्टर संजीव दोहरे, मनोज सिंह और इंद्रपाल ने भी कृष्णा और उनके कोच सत्येंद्र सिंह यादव को बधाई देते हुए स्वीडन में शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

