रेलवे अपराध नियंत्रण अभियान में सफलता, कई गंभीर धाराओं में था वांछित
Kanpur । रेलवे क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी कानपुर सेंट्रल को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्त शहबाज को फतेहपुर से गिरफ्तार कर लिया।
जीआरपी के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल में दर्ज मुकदमा संख्या 406/22 (अपराध संख्या 260/21) में धारा 419, 420, 467, 468, 471, 170 और 171 आईपीसी के तहत मामला दर्ज है। इस मामले में न्यायालय अपर सिविल जज (सीडी)-05, कानपुर नगर द्वारा उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी शहबाज, निवासी अस्ती कॉलोनी, थाना कोतवाली, जनपद फतेहपुर, अपने घर के आसपास मौजूद है। सूचना के आधार पर जीआरपी टीम ने घेराबंदी कर उसे उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।
जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी काफी समय से गिरफ्तारी से बच रहा था। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


