क्राइम ब्रांच और बिधनू पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, नकदी और ताश के पत्ते बरामद
Kanpur । बिधनू थाना क्षेत्र में देर रात जुए की फड़ पर क्राइम ब्रांच और बिधनू पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारकर सात जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से हजारों रुपये की नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए गए। पुलिस की कार्रवाई से जुआरियों में खलबली मच गई।
पुलिस के मुताबिक, कमिश्नरेट पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के निर्देश पर एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम को बिधनू क्षेत्र में जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी। बताया गया कि जुए में शामिल लोग पुलिस की नजर से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने बिधनू पुलिस के साथ निगरानी शुरू की।
देर रात एक ठिकाने पर जुए की फड़ सजने की पुष्टि होने के बाद टीम ने घेराबंदी कर छापा मारा। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने मौके से सात लोगों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से नकदी और ताश के पत्ते बरामद हुए।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर जुए के इस खेल से जुड़े अन्य लोगों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में जुए के नेटवर्क से जुड़े कुछ और नाम सामने आ सकते हैं। इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।


