16 से 30 नवंबर तक होगी स्व-गणना, एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर जनसंख्या गणना
Kanpur । जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। द्वितीय चरण में होने वाली जनसंख्या गणना को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चार्ज स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। इसमें तहसील, नगर निगम के जोन, नगर पालिका, नगर पंचायत और कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों को गणना की प्रक्रिया और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के पहले दिन सहायक निदेशक जनगणना एवं जनपद के प्रभारी अधिकारी दिनेश कुमार यादव और सहायक जिला प्रभारी हिमांशु शुक्ला ने अधिकारियों को जनसंख्या गणना की पूरी प्रक्रिया समझाई। गणना के दौरान तकनीकी व्यवस्था, अधिकारियों के दायित्व और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्य पूरा करने के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में तकनीकी सहायक, जनगणना लिपिक समेत अन्य कर्मचारी शामिल हुए।
सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार से जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रसारण भी किया गया। बैठक में तहसीलदार, नगर निगम के जोनल अधिकारी, नगर पालिका व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी और कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारी मौजूद रहे।
16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना
जनगणना के द्वितीय चरण में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना होगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक घर-घर जनसंख्या गणना कराई जाएगी। पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण का काम होगा। जनगणना का संदर्भ समय पांच जनवरी 2027 की रात 12 बजे निर्धारित किया गया है।
प्रशिक्षण का उद्देश्य गणना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रक्रिया व तकनीकी व्यवस्था में दक्ष बनाना है, ताकि जिले में जनसंख्या गणना का काम निर्धारित समय पर व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया जा सके।


