माँ पर गला दबाकर हत्या का आरोप, पुलिस ने कहा ,पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
Kanpur । महाराजपुर थाना क्षेत्र के विपौसी गांव में 14 वर्षीय छात्र सत्यम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। छात्र के गले और शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद मौत को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने उसकी मां पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।
विपौसी गांव निवासी सर्वेश निषाद निजी कंपनी में काम करते हैं और बाहर रहते हैं। गांव में उनकी पत्नी तीन बेटों के साथ रहती हैं। सत्यम तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। परिजनों के मुताबिक, 10 सितंबर की शाम करीब पांच बजे सत्यम चक्की से आटा लेकर घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद उसने पेट दर्द की शिकायत की और चारपाई पर लेट गया। काफी देर तक नहीं उठने पर परिजनों ने उसे जगाने का प्रयास किया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अगली सुबह पुलिस को घटना की सूचना मिली। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच की। छात्र के गले और शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटे की मौत की सूचना मिलने पर पिता सर्वेश ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
एसीपी आशुतोष कुमार और सुनहैला चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। बीमारी, चोट, दम घुटने समेत अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


