खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में तीन किचन में मिली गंदगी, दो प्रतिष्ठानों का कारोबार बंद; 650 खराब अंडे समेत बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री नष्ट
Kanpur । सड़क किनारे गंदे पानी से भरे टूटे फर्श पर समोसे तैयार हो रहे थे। किचन में सफाई का नामोनिशान नहीं था और खाद्य सामग्री तैयार करने वाले कर्मचारी बिना ग्लव्स और हेड कवर के काम कर रहे थे। दूसरी ओर क्लाउड किचन में 650 खराब अंडों के साथ एग करी और पैक्ड खाना रखा था। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार को शहर के तीन प्रतिष्ठानों में छापा मारा तो खाद्य पदार्थ तैयार करने में बरती जा रही लापरवाही सामने आ गई। गंभीर खामियां मिलने पर दो प्रतिष्ठानों का खाद्य कारोबार तत्काल बंद करा दिया गया।

जिलाधिकारी के आदेश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने फेथफुलगंज, रेल बाजार और डी लाइट हाता में कार्रवाई की। तीनों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के 15 नमूने लिए गए।
फेथफुलगंज स्थित मेसर्स अंबर ट्रेडर्स एवं जनरल सप्लायर में मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर गली में सड़क किनारे समोसे बनाए जा रहे थे। फर्श टूटा था और उसमें पानी भरा था। टिन की चादरों पर धूल और चिकनाई की मोटी परत जमा थी। एग्जॉस्ट फैन भी नहीं था। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पेस्ट कंट्रोल का रिकॉर्ड नहीं मिला। कर्मचारी बिना ग्लव्स और हेड कवर के खाद्य पदार्थ तैयार कर रहे थे।
टीम ने मैदा, लाल मिर्च, नमक, सब्जी, सोयाबीन, रिफाइंड तेल और समोसे के सात नमूने लिए। करीब 218 तैयार समोसे नष्ट कराकर कारोबार स्थगित करा दिया गया।
क्लाउड किचन में खराब अंडों का ढेर
562 डी लाइट हाता स्थित शेरखान क्लाउड किचन में भी सफाई व्यवस्था खराब मिली। टीम ने अचार, आटा, चावल और एग करी के चार नमूने लिए। यहां करीब 40 किलो एग करी, 650 खराब अंडे और एग करी-चावल की 250 पैक्ड प्लेटें नष्ट कराई गईं। किचन का खाद्य कारोबार बंद करा दिया गया।
रेल बाजार स्थित एसए इंटरप्राइजेज के किचन में भी गंदगी मिली। यहां से समोसा, मैदा, गरम मसाला और नमक के नमूने लिए गए और 200 तैयार समोसे नष्ट कराए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह ने बताया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण और भंडारण में स्वच्छता मानकों का पालन अनिवार्य है। लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


