अमिताभ बाजपेई ने परिजनों से मिलकर जताई नाराजगी, बोले- अपराधियों में नहीं रहा पुलिस का खौफ
Kanpur । काकादेव में कारोबारी अमित कुमार गुप्ता की हत्या को लेकर आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। रविवार को वह मृतक के आवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
विधायक ने कहा कि पांडुनगर चौकी से महज 300 मीटर दूर बीच सड़क कारोबारी के साथ करीब 30 मिनट तक मारपीट होती रही, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। वारदात के बाद आरोपितों के बेखौफ होकर वीडियो जारी करने पर भी उन्होंने सवाल उठाया। कहा कि इससे साफ है कि अपराधियों में पुलिस का डर नहीं रह गया है।
उन्होंने कहा कि कारोबारी की हत्या से व्यापारियों में दहशत है और घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों ने विधायक को बताया कि घटना के चार दिन बाद भी कोई बड़ा पुलिस अधिकारी उनके घर नहीं पहुंचा।
गिरफ्तारी के साथ सुरक्षा और आर्थिक मदद की मांग
अमिताभ बाजपेई ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए। मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की भी मांग की।
विधायक ने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान सपा नेता सम्राट विकास यादव, नीरज सिंह, कृष्णा शर्मा, वीरेंद्र त्रिपाठी, वरुण जायसवाल, विकास कनौजिया और चेतन पांडे समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


