कम गहराई के मैनहोल चैंबर से बाधित हुआ प्रवाह, जलभराव से जूझ रहे कल्याणपुर के लोग
Kanpur । कल्याणपुर क्षेत्र में सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे सड़क व सीवर निर्माण कार्य के बीच तकनीकी खामियों के चलते जलभराव की समस्या गहरा गई है। बगिया क्रॉसिंग से केसा कार्यालय तक डाली जा रही नई सीवर लाइन को पुराने नेटवर्क से जोड़ने के दौरान प्रवाह बाधित हो गया, जिससे करीब 150 घरों में गंदा पानी भर गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नए बनाए गए मैनहोल चैंबर पुराने चैंबरों की तुलना में कम गहरे हैं, जिससे सीवर का पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा और उल्टा घरों में घुस रहा है। समस्या बढ़ने पर जलकल विभाग को सबमर्सिबल पंप लगाकर पानी निकासी करनी पड़ रही है, लेकिन हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सके हैं।

करीब 10.21 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 1050 मीटर लंबी इस सड़क का निर्माण डेल्टा कंपनी द्वारा किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक लगभग 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और जून 2026 तक परियोजना समाप्त करने का लक्ष्य है।
जलभराव से नाराज लोगों ने मौके पर पहुंचे जल निगम और जलकल अधिकारियों का घेराव कर समस्या दिखाई। इस पर अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। जलकल के अवर अभियंता सुशील मौर्य ने बताया कि नई लाइन को जोड़ा जा रहा है, इसी वजह से कुछ स्थानों पर पानी भरा है, जिसे पंप से निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि काम पूरा होते ही निकासी सामान्य हो जाएगी।
विरोध जताने वालों में आकाश दीक्षित मंडल उपाध्यक्ष युवा मोर्चा कल्याणपुर,सीता सोनकर, अमित मिश्रा, आशा राजपूत, पप्पू पाठक, विमला वर्मा, देवेंद्र, अंकुर कुशवाहा, मनोहर लाल और सतीश अवस्थी समेत कई स्थानीय निवासी शामिल रहे।


