17 सितंबर से शुरू होगा एक माह का सेवा संकल्प अभियान, दिव्यांगों को उपकरण, रक्तदान और विश्वकर्मा लाभार्थियों को टूल किट
Kanpur । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर पर कानपुर सेवा और संकल्प के रंग में रंगेगा। जिलेभर में शाम सात बजे एक साथ करीब तीन लाख ‘आशीर्वाद के दीये’ रोशन होंगे। मोतीझील में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में अकेले 76 हजार दीये जलाए जाएंगे। घाटों, मंदिरों, पार्कों, अमृत सरोवरों और प्रमुख परियोजनाओं पर भी दीपोत्सव होगा। इसी के साथ एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज होगा।
जनपद के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री उच्च शिक्षा योगेंद्र उपाध्याय ने बुधवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सामाजिक, व्यापारिक और धार्मिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ने को कहा।
17 सितंबर को कानपुर ब्लाइंड स्कूल, नेहरू नगर में दिव्यांगजनों को उपकरण बांटे जाएंगे। उर्सला अस्पताल में रक्तदान शिविर लगेगा और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को टूल किट दी जाएगी। शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत शहर से गांव तक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
गांव-गांव पहुंचेगी सरकार की योजनाएं
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा’, ‘अनकही कहानियां’, नुक्कड़ नाटक, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ जैसे कार्यक्रम होंगे। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में सामूहिक रंगोली बनाई जाएगी। 25 सितंबर को जिले की 111 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण होगा। सात अक्टूबर को फूलबाग चौराहे से ‘सेवा कलश यात्रा’ निकाली जाएगी।
छूटे पात्रों को तलाशेगा ‘सेवा सेतु’
‘सेवा सेतु’ के तहत हर विकासखंड में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर लगेंगे। इनमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ ऐसे पात्र लोगों को चिह्नित किया जाएगा, जिन्हें अभी तक योजनाओं का लाभ नहीं मिला है। पात्रता के अनुसार उन्हें योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई मौके पर की जाएगी।
सफाई से लेकर अंगदान तक अभियान
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर स्वच्छता अभियान, घाटों की सफाई, वृक्षारोपण, अंगदान संकल्प, नशा मुक्ति, डिजिटल साक्षरता और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम होंगे। लाभार्थी योजनाओं से मिले लाभ और अनुभवों की रील बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा करेंगे।
17 अक्टूबर को अभियान का समापन प्रस्तावित है। इस दौरान ‘जनसेवक महाकुंभ : पंचायत से पार्लियामेंट तक’ जैसे बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें पंचायत से लेकर संसद तक के जनप्रतिनिधियों की सहभागिता की योजना है।
बैठक में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी, राहुल बच्चा सोनकर, सुरेंद्र मैथानी, सरोज कुरील, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई, भाजपा जिलाध्यक्ष ग्रामीण उपेंद्र पासवान, उत्तरी जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित और दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह मौजूद रहे। ज्वाइंट सीपी विपिन ताडा, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, सीडीओ अभिनव जे. जैन, डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार, केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


