ओएंडएम शुल्क के बकाएदारों पर कार्रवाई के निर्देश, अधूरे काम भी समय से होंगे पूरे
Kanpur । जाजमऊ के वाजिदपुर स्थित 20 एमएलडी कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) के काम में अब लापरवाही नहीं चलेगी। लंबित काम समय से पूरा कराने के साथ पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन को लेकर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सीईटीपी के संचालन एवं अनुरक्षण (ओएंडएम) शुल्क का भुगतान नहीं करने वाली टेनरी इकाइयों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश यूपीपीसीबी को दिए।

बैठक में सीईटीपी परियोजना के एक-एक लंबित काम की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पाइपलाइन और मैनहोल के शेष कार्यों को लेकर यूपीपीसीबी और प्रोजेक्ट इंजीनियर को संयुक्त रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। रिपोर्ट सचिव, जेटेटा से सत्यापित कराने के बाद दो दिन के भीतर प्रस्तुत करनी होगी।
।
स्लज निस्तारण में भी लापरवाही नहीं
सीईटीपी से निकलने वाले सॉलिड वेस्ट और स्लज के निस्तारण की स्थिति भी बैठक में परखी गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अपशिष्ट और स्लज का नियमानुसार सुरक्षित निस्तारण कराया जाए। पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित की जिम्मेदारी तय करने के भी निर्देश दिए गए।
समयसीमा में पूरा हो हर लंबित काम
परियोजना के शेष निर्माण और अन्य कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित कांट्रेक्टर को निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और लंबित कार्यों को किसी भी स्थिति में अनावश्यक रूप से लंबा न खींचने के निर्देश दिए।
बिल दबाने वाली टेनरियों पर नजर
बैठक में ओएंडएम शुल्क के बिलों के भुगतान की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन टेनरी इकाइयों ने शुल्क का भुगतान नहीं किया है, उनके खिलाफ यूपीपीसीबी नियमों के तहत कार्रवाई करे। उन्होंने परियोजना के संचालन, अनुरक्षण और पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।


