20 लाख का सामान जलकर राख, दूसरी इलेक्ट्रिक कार समय रहते हटाई गई
Kanpur । महानगर के रेलबाजार थाना स्थित मीरपुर में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चमड़ा कारोबारी मोहम्मद गुलजार के घर की पार्किंग में खड़ी इलेक्ट्रिक एमजी हेक्टर कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में रखा करीब 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि संयुक्त परिवार के सभी 25 सदस्य सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।

बताया गया कि मोहम्मद गुलजार सोमवार को ही कार की सर्विस कराकर लाए थे। मंगलवार रात वह पत्नी अर्शी और बेटियों के साथ एक निजी कार्यक्रम से लौटे थे। कार पार्क करने के करीब 10 मिनट बाद ही उसमें से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। उस समय कार की बैटरी लगभग 80 प्रतिशत चार्ज थी।
आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घर के अंदर गुलजार की 65 वर्षीय मां अनवरी बेगम समेत बच्चे और महिलाएं फंस गए थे। पड़ोसियों ने बहादुरी दिखाते हुए घर के दरवाजे तोड़कर सभी को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने तीन घरों से पाइप जोड़कर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की चपेट में एक स्कूटी और घर का कीमती सामान भी आ गया। वहीं पास में खड़ी दूसरी इलेक्ट्रिक कार को समय रहते हटा लिया गया, जिससे बड़ा विस्फोट टल गया। गुरुवार को घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
रेलबाजार थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


