13 अक्टूबर को बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए होगा उपचुनाव
Kanpur । बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए मतदान केंद्र में बदलाव किया गया है। ध्वस्त हो चुके कन्या जूनियर हाईस्कूल बिठूर के स्थान पर अब प्राथमिक विद्यालय बिठूर प्रथम में वोट डाले जाएंगे। उपचुनाव के लिए मतदान 13 अक्टूबर को होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदान केंद्र में परिवर्तन किया गया है। वार्ड संख्या-3 पेशवा नगर में स्थित मतदान केंद्र संख्या-3 कन्या जूनियर हाईस्कूल के ध्वस्त होने के कारण उसके स्थान पर प्राथमिक विद्यालय बिठूर प्रथम को नया मतदान केंद्र और मतदान स्थल बनाया गया है।
इसी तरह वार्ड संख्या-8 ब्रह्म नगर में स्थित कन्या जूनियर हाईस्कूल के स्थान पर भी प्राथमिक विद्यालय बिठूर प्रथम को मतदान स्थल निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने मतदाताओं से मतदान के दिन नए निर्धारित केंद्र पर पहुंचकर मतदान करने की अपील की है।


