डीएम ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, केडीए, यूपीसीडा और एनएचएआई को युद्धस्तर पर काम के निर्देश, ठेकेदारों से कहा- गुणवत्ता में नहीं चलेगी लापरवाही
Kanpur । दीपावली से पहले शहर की बदहाल सड़कों को दुरुस्त कराने और प्रमुख मार्गों को रोशनी से जगमग करने की कवायद तेज हो गई है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि त्योहार से पहले चिह्नित क्षतिग्रस्त सड़कें हर हाल में आवागमन योग्य होनी चाहिए।

बैठक में डीएम ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, केडीए, यूपीसीडा और एनएचएआई के अधिकारियों के साथ संबंधित ठेकेदारों से सीधे संवाद किया और कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने कहा कि निर्माण और मरम्मत में गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा। निर्धारित समयसीमा में मानकों के अनुरूप काम पूरा कराया जाए।
नगर निगम को दीपावली से पहले प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने रात में पर्याप्त रोशनी के साथ कूड़ा उठान और निस्तारण व्यवस्था भी प्रभावी रखने को कहा।
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि अस्पतालों और स्कूलों को जोड़ने वाली सड़कों को प्राथमिकता पर दुरुस्त कराया जाएगा। बैठक में बारिश और जलभराव से खराब हुई सड़कों की भी समीक्षा हुई।इनमें सर्वोदय नगर का खादी ग्रामोद्योग क्षेत्र, पोस्टमार्टम हाउस-नरेंद्र मोहन सेतु मार्ग, पनकी प्लांट, शताब्दी नगर रोड, पनकी रामगंगा एनक्लेव, गोपाला टावर्स-नमक फैक्ट्री चौराहा, गोविंद नगर विद्युत कॉलोनी, बर्रा साउथ सिटी-बनपुरवा पुल, भौंती-सचेंडी मार्ग, पनकी तिराहा साइट-1, मोतीझील, मॉल रोड, कालपी रोड, जरीब चौकी, फजलगंज और संतनगर समेत अन्य सड़कें शामिल हैं।
बैठक में केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक, सीडीओ अभिनव जे. जैन, यूपीसीडा एसीईओ दीक्षा जैन और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।


