Kanpur। शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। प्रवर्तन जोन-1बी की टीम ने करीब 900 वर्गमीटर क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माणों को सील कर दिया, जबकि 2050 वर्गमीटर क्षेत्र में फैले अन्य निर्माणों को नोटिस जारी किए गए। कार्रवाई से निर्माण कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी व उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने गंगानगर हाउसिंग सोसाइटी स्थित क्रिस्टल प्लाजा गेस्ट हाउस के पीछे प्लॉट संख्या 43 व 44 पर राघवेंद्र सिंह व अन्य द्वारा कराए जा रहे करीब 600 वर्गमीटर निर्माण को सील किया। विभाग के मुताबिक पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्य जारी था।
इसके अलावा ज्यौरा नवाबगंज स्थित विला नंबर-08 में राकेश मिश्रा और अमित मिश्रा द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बेसमेंट व अतिरिक्त तल का निर्माण कराया जा रहा था। लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्र में बने इस हिस्से को भी सील कर दिया गया।
जांच के दौरान टीम ने 2050 वर्गमीटर क्षेत्र में तीन अन्य निर्माण भी चिह्नित किए। इनमें क्रिस्टल प्लाजा का 1200 वर्गमीटर, शक्ति इन्फ्रा विजन प्राइवेट लिमिटेड का 400 वर्गमीटर और सुनीता वर्मा का 450 वर्गमीटर निर्माण शामिल है। इन सभी को नोटिस जारी कर मानचित्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।अभियान में अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार, राज कुमार तथा कल्याणपुर थाने की पुलिस मौजूद रही।


