186 फरियादी पहुंचे, खतौनी से दिव्यांग प्रमाण पत्र तक का तत्काल निस्तारण
Kanpur । नरवल तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ी तो अफसरों ने मौके पर ही शिकायतों की गांठ खोलनी शुरू कर दी। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में हुए समाधान दिवस में 186 प्रार्थना पत्र आए। इनमें 11 मामलों का तत्काल निस्तारण कर फरियादियों को मौके पर ही राहत दी गयी।

किदवई नगर की सुशीला चौरसिया और राजामार्केट की पूजा शर्मा के लंबे समय से लंबित नामांतरण आदेश का अमलदरामद कर खतौनी उपलब्ध कराई गई। बगाही के किरनपाल और शाहपुर की कोकिला की जमीन बंधक मुक्त होने के बावजूद खतौनी में दर्ज नहीं थी। दोनों मामलों में मौके पर कार्रवाई कर अभिलेख दुरुस्त किए गए। बर्रा निवासी रंजीत की खतौनी में गलत नाम सुधारा गया, जबकि बरईगढ़ के रमेश कुमार सिंह का अंश निर्धारण कर खतौनी दी गई।

समाधान दिवस के साथ लगे विशेष दिव्यांग शिविर में भी तत्काल राहत मिली। सेमरझाल के रमेशचन्द्र धोबी और मडिलवां की श्यामकली को मेडिकल बोर्ड की जांच के बाद दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किया गया। दलपतपुर की स्वेता उत्तम को जाति प्रमाण पत्र भी मौके पर मिला।
बारिश में मकान गिरने के मामले में हरीपुर मजरा गुगुरा निवासी अटल बिहारी की जांच कर सहायता के लिए रिपोर्ट भेजी गई। वहीं राम सिंह को बताया गया कि दैवीय आपदा की सहायता राशि पहले ही खाते में भेजी जा चुकी है।
कुल शिकायतों में 85 राजस्व, 47 विकास, 15 राजस्व-पुलिस, 12 पुलिस, आठ बिजली और चार पीडब्ल्यूडी से संबंधित रहीं। डीएम ने शेष शिकायतों का स्थलीय जांच के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।


