दिव्या चौधरी ने विज्ञान वर्ग में किया श्रेष्ठ प्रदर्शन
Kanpur । पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कानपुर कैंट प्रथम पाली का सीबीएसई परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। मानविकी संकाय की छात्रा अन्नू गिरी ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं विज्ञान वर्ग में दिव्या चौधरी ने 92.8 प्रतिशत अंक पाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से शिक्षक और अभिभावक उत्साहित नजर आए। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। कई अभिभावक भी अपने बच्चों की सफलता पर भावुक दिखाई दिए।
विद्यालय के प्राचार्य सोम पाल ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय लगातार बेहतर शैक्षिक वातावरण देने के लिए प्रयासरत है।प्राचार्य ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई जारी रखने की प्रेरणा दी।


