अखिलेश के पीडीए पर कसा तंज, बोले- ‘परिवार डेवलपमेंट एजेंसी’ बनकर रह गई सपा
Kanpur । उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी। भाजपा की सरकार में विकास और जनकल्याण के काम लगातार आगे बढ़ रहे हैं और जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।

शुक्रवार को कानपुर पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यकर्ताओं और नागरिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम कर रही है।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के PDA पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सपा का PDA अब ‘परिवार डेवलपमेंट एजेंसी’ बनकर रह गया है। उनके मुताबिक सपा का जोर परिवार के विकास पर है, जबकि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मंत्र पर काम कर रही है।
डिप्टी सीएम ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विपक्षी दलों के शासन और तुष्टीकरण की राजनीति को समझ चुकी है। उनके अनुसार उत्तर प्रदेश आज कानून-व्यवस्था, विकास और निवेश के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।
मौर्य ने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को लेकर घर-घर पहुंचने तथा जनता से सीधा संवाद करने का आह्वान किया। कानपुर पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में कई भाजपा नेता, विधायक और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।


