Kanpur : सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार पर हमला
नशेबाज युवक ने पीछे से गड़ासे से सिर पर किए दो वार, बचाव में हाथ भी हुआ घायल
Kanpur । चकेरी के संजीवनगर में शनिवार शाम सड़क निर्माण करा रहे नगर निगम के ठेकेदार पर नशे में धुत युवक ने गड़ासे से हमला कर दिया। पीछे से आए हमलावर ने ठेकेदार के सिर पर दो वार किए। बचाव में हाथ आगे करने पर गड़ासा हाथ में लग गया। इसके बाद भी हमलावर नहीं रुका और कील लगे डंडे से कई वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपित भाग निकला।
आनंद नगर निवासी गोविन्द त्रिपाठी (52) नगर निगम के ठेकेदार हैं। उनके भाई मनीष त्रिपाठी ने बताया कि गोविन्द संजीवनगर में सड़क निर्माण का काम करा रहे थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। लोगों के समझाने पर वह चला गया। कुछ देर बाद दोबारा पहुंचकर उसने पीछे से गोविन्द पर हमला कर दिया।
सिर पर गड़ासे के दो वार होने के बाद गोविन्द ने हाथ से बचाव किया, जिससे हाथ भी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपित ने कील लगे डंडे से भी वार किए। लोगों के जुटने पर वह मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोट के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हैलट रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपित की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी


