सेक्स रैकेट के साथ ब्लैकमेलिंग का खेल, पुलिस छापे में खुला बड़ा राज
Kanpur। रावतपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल में चल रहे सेक्स रैकेट और ब्लैकमेलिंग के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। होटल के कमरे में रखा एक साधारण दिखने वाला चार्जर पुलिस के लिए ऐसा सुराग बना, जिसने पूरे गिरोह की करतूत उजागर कर दी। दरअसल यह चार्जर नहीं, बल्कि एक हिडन कैमरा था, जिसके जरिए होटल में आने वाले जोड़ों और ग्राहकों के निजी वीडियो रिकॉर्ड किए जाते थे। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लोगों से मोटी रकम वसूली जाती थी।

लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें
क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीम और रावतपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए विनायकपुर स्थित रिद्धि होटल में छापा मारा। पुलिस को लंबे समय से होटल में संदिग्ध गतिविधियां चलने की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों ने भी होटल में लगातार संदिग्ध लोगों के आने-जाने की जानकारी पुलिस को दी थी। पुलिस को शक था कि होटल में देह व्यापार के साथ कोई बड़ा अवैध खेल भी चल रहा है।

छापे के दौरान मची अफरा-तफरी
सूचना पुख्ता होने के बाद पुलिस टीम ने होटल में अचानक दबिश दी। छापेमारी के दौरान होटल में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने एक कमरे से होटल संचालक और एक युवती को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस की नजर चार्जर जैसे दिखने वाले एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर पड़ी। जांच करने पर वह हिडन कैमरा निकला।
गुप्त कैमरे से रिकॉर्ड होते थे निजी पल
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कैमरे को इस तरह लगाया गया था कि कमरे में आने वाले लोगों को उस पर किसी तरह का शक न हो। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि होटल के कमरों में गुप्त कैमरे लगाकर ग्राहकों के निजी वीडियो रिकॉर्ड किए जाते थे। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए लोगों को डराया-धमकाया जाता था और उनसे ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूली जाती थी।
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, हिडन कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कब्जे में लिए हैं। अब इन डिवाइस का डाटा खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अब तक कितने लोग इस गिरोह का शिकार बने हैं और वीडियो किस-किस तक पहुंचाए गए।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में चल रहे “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के तहत होटल, लॉज और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


