एलिवेटेड कॉरिडोर के बाद टर्मिनल बनने की संभावना, डीएम ने दिए त्वरित सर्वे के निर्देश
Kanpur । अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड कॉरिडोर के बाद मंधना रेलवे स्टेशन पर बढ़ने वाली यात्री संख्या और यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में स्टेशन के आसपास पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, यातायात और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने पर मंथन हुआ।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक कानपुर अनवरगंज से मंधना तक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण नवंबर-दिसंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है। परियोजना पूरी होने के बाद मंधना इस रेलखंड का अंतिम टर्मिनल स्टेशन बन सकता है। ऐसे में स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बढ़ना तय माना जा रहा है।
डीएम ने स्टेशन के बाहर उपलब्ध स्थानों का चिन्हांकन कर व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए। फ्लाईओवर के नीचे भी पार्किंग की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। यात्रियों को कानपुर नगर और प्रमुख क्षेत्रों तक बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए विभागों को समन्वय से कार्य करने को कहा गया।
कल्याणपुर के बीडीओ संदीप कुमार (आईएएस) की अध्यक्षता में रेलवे, एनएचएआई और ट्रैफिक विभाग की संयुक्त समिति गठित की गई है। समिति रविवार को मंधना क्षेत्र का सर्वे कर पार्किंग और यातायात व्यवस्था की रिपोर्ट देगी।
इसके अलावा बिल्हौर के दो और सदर तहसील के 13 गांवों से जुड़े प्रकरण की रिपोर्ट सोमवार तक मांगी गई है। कल्याणपुर-रावतपुर के बीच नालों की सफाई, कूड़ा प्रबंधन और रेलवे ट्रैक के आसपास स्वच्छता पर भी विशेष जोर दिया गया।


