Kanpur। शहर के ऐतिहासिक फुटबॉल क्लबों में शामिल कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब अपने 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 7 ‘ए’ साइड नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन करने जा रहा है। यह प्रतियोगिता 20 मई से 25 मई तक कैंट स्थित आजाद पार्क (फेथफुल गंज) में खेली जाएगी।
अंग्रेजों के समय से संचालित हो रहे इस क्लब के शताब्दी वर्ष को खास बनाने के लिए कैंटोनमेंट क्लब की ओर से टूर्नामेंट की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रतियोगिता को डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल एसोसिएशन, कानपुर नगर से मान्यता प्राप्त है।
टूर्नामेंट में केवल कानपुर नगर के पंजीकृत फुटबॉल क्लब ही हिस्सा ले सकेंगे। आयोजन समिति के अनुसार मुकाबले नाइट फॉर्मेट में खेले जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल प्रेमियों को भी रोमांचक मुकाबले देखने का मौका मिलेगा।
फुटबॉल सचिव अजीत सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक क्लब 18 मई तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए आसिफ इकबाल और अमित नारंग से संपर्क किया जा सकता है।शहर के फुटबॉल खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में इस टूर्नामेंट को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।


