महाराजपुर में हाईवे किनारे सनसनी, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; मौत के कारणों की जांच जारी
Kanpur । महाराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर छिवली नदी के पास अमलिहा बाबा मंदिर के निकट सोमवार को झाड़ियों में करीब 45 वर्षीय अज्ञात अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस के अनुसार मृतक की जेब से खाली बोतलों के ढक्कन मिले हैं, लेकिन उसकी पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया गर्मी अथवा अन्य कारणों से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।
महाराजपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं, आसपास के गांवों और पड़ोसी जनपदों में संपर्क कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


