Wednesday, April 29, 2026
HomeकानपुरKanpur :  प्रेम में धोखा बना दो जिंदगियों का अंत, भतीजे के...

Kanpur :  प्रेम में धोखा बना दो जिंदगियों का अंत, भतीजे के बाद चाचा की भी मौत से घर में मातम

फेसबुक पर शुरू हुआ प्रेम बना त्रासदी, शादी से इंकार और पैसों के विवाद के बाद युवक ने उठाया खौफनाक कदम; सदमे में चाचा की भी गई जान

 

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के कांजीखेड़ा से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। प्रेम संबंध में धोखा और आर्थिक शोषण से आहत एक युवक ने आत्महत्या कर ली, वहीं उसकी मौत के सदमे में चाचा की भी दिल का दौरा पड़ने से जान चली गई। कुछ ही घंटों के भीतर एक ही परिवार से दो अर्थियां उठने से हर कोई स्तब्ध है।

जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय अंकित जायसवाल, जो घुमनी बाजार में हार्डवेयर की दुकान चलाते थे, ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों का कहना है कि करीब 12 साल पहले फेसबुक के जरिए उसकी पहचान गुजरात के सूरत की एक युवती से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि युवती लंबे समय से उससे पैसे ले रही थी और करीब दो महीने पहले जातिगत भिन्नता का हवाला देकर शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद से अंकित अवसाद में था।

मंगलवार को घर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अंकित के चाचा ज्ञानदत्त जायसवाल की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें कार्डियक अरेस्ट आने पर परिजन अस्पताल लेकर दौड़े। इसी दौरान घर में अकेले मिले मौके का फायदा उठाकर अंकित ने आत्मघाती कदम उठा लिया। छोटी बहन जब उसे बुलाने कमरे में गई, तो घटना का पता चला।

दुखद संयोग यह रहा कि एक ओर अंकित की मौत की खबर घर पहुंची, वहीं दूसरी ओर अस्पताल में इलाज के दौरान चाचा ज्ञानदत्त की भी मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के अनुसार आगे कार्रवाई होगी।यह घटना सोशल मीडिया पर बनने वाले रिश्तों के जोखिम और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की जरूरत को एक बार फिर उजागर करती है।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...
error: Content is protected !!