सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की पीएम ने सराहना, एक्सप्रेसवे को बताया विकास की नई लाइफलाइन
किसानों, उद्योग और युवाओं के लिए खुलेंगे अवसरों के द्वार, यूपी बनेगा आर्थिक ताकत का केंद्र
Hardoi, 29 अप्रैल। गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में केवल एक्सप्रेसवे ही नहीं बन रहे, बल्कि इनसे भी तेज गति से प्रदेश का समग्र विकास हो रहा है। उन्होंने इसे “नए उत्तर प्रदेश” की पहचान बताते हुए कहा कि यह एक्सप्रेसवे प्रदेश की अर्थव्यवस्था, कनेक्टिविटी और रोजगार के लिए नई लाइफलाइन साबित होगा।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि गंगा एक्सप्रेसवे केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक परिवर्तन का आधार है, जहां विकास एक्सप्रेसवे की रफ्तार से भी तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
हरिद्वार तक विस्तार की तैयारी
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे मां गंगा के आशीर्वाद का प्रतीक है। अब लोग कम समय में प्रयागराज के संगम और वाराणसी में दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि किसानों की फसल अब तेजी से बाजार तक पहुंचेगी, जिससे आय में वृद्धि होगी। मेरठ के स्पोर्ट्स गुड्स, हरदोई का हैंडलूम, उन्नाव का लेदर और प्रतापगढ़ का आंवला जैसे उत्पादों को नई बाजार पहुंच मिलेगी।
यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों में उद्योगों को बढ़ावा देगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। प्रधानमंत्री ने बताया कि केवल पांच वर्षों में तैयार हुए इस एक्सप्रेसवे के विस्तार की योजना पर काम शुरू हो चुका है, जिससे इसे हरिद्वार तक जोड़ा जाएगा और अन्य एक्सप्रेसवे से कनेक्ट कर एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर से बदल रही यूपी की तस्वीर
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। राज्य में 21 एयरपोर्ट विकसित हो रहे हैं, जिनमें 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं। ब्रह्मोस मिसाइल जैसे बड़े प्रोजेक्ट प्रदेश को औद्योगिक पहचान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक समय ‘बीमारू’ कहे जाने वाला उत्तर प्रदेश आज 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों के साथ प्रदेश अब निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है।
पिछली सरकारों पर भी साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पूर्व सरकारों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में अपराध और जंगलराज की पहचान बन गई थी, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकास, निवेश और अवसरों के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।


