पॉक्सो समेत कई गंभीर धाराओं में थी वांछित, नौबस्ता पुलिस ने दबिश देकर किया गिरफ्तार
Kanpur । दक्षिण जोन पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी महिला आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर पॉक्सो अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था और उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पलक सिंह उर्फ सोनाली अवस्थी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धारा 5/6/16/17 सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रही थी, जिसके चलते पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
एडीसीपी साउथ सुमित सुधाकर रामटेके के निर्देशन में नौबस्ता पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दक्षिण जोन में फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।


