सचिव ने किया औचक निरीक्षण, भोजन और इलाज की व्यवस्था परखी
Kanpur। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अभिनव तिवारी ने शुक्रवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों को मिल रही सुविधाओं, भोजन, चिकित्सा और निःशुल्क कानूनी सहायता की व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्होंने बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं।

सचिव ने विचाराधीन, सजायाफ्ता और महिला बंदियों की बैरकों के अलावा पाकशाला, कारागार अस्पताल और लीगल एड क्लीनिक का निरीक्षण किया। बंदियों ने बताया कि उन्हें नाश्ते में गुड़, चाय और दलिया, जबकि दोपहर के भोजन में दाल, चावल, सब्जी और रोटी दी जाती है। किसी बंदी ने भोजन या अन्य सुविधाओं को लेकर शिकायत नहीं की।
महिला बंदियों ने बताया कि उन्हें लीगल एड डिफेंस काउंसिल के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता मिल रही है। अस्पताल में भर्ती बंदियों ने भी समय पर दवाएं मिलने और चिकित्सकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी दी। सचिव ने उपस्थिति, आवागमन और हेल्प डेस्क रजिस्टरों का भी निरीक्षण किया। सभी रजिस्टर पूर्ण मिले।
दीयों की सराहना, उत्पादों का लगेगा स्टॉल
महिला बंदियों की ओर से दीपावली के लिए तैयार किए गए मिट्टी के दीयों को देखकर सचिव ने उनके हुनर की सराहना की। उन्होंने बुजुर्ग बंदियों को भजन-कीर्तन जैसी गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही कारागार अधीक्षक से कहा कि एक नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष शिविर में बंदियों की ओर से तैयार सामग्री का स्टॉल लगाया जाए, ताकि उनके हुनर को पहचान मिले और उत्पादों के प्रति आमजन को जागरूक किया जा सके।


