Friday, October 23, 2026
HomeकानपुरKanpur : कानपुर सेंट्रल पर ट्रेन में मिली लापता किशोरी

Kanpur : कानपुर सेंट्रल पर ट्रेन में मिली लापता किशोरी

ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत कार्रवाई, जयपुर से लापता 14 वर्षीय बालिका को सुरक्षित राजस्थान पुलिस को सौंपा

Kanpur । ट्रेन में लापता किशोरी की तलाश में जुटी रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सफलता मिली। ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत गुरुवार रात ट्रेन से 14 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद किया गया। शुक्रवार को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे राजस्थान पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

आरपीएफ के अनुसार, 22 अक्टूबर को प्रयागराज मंडल के सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से ट्रेन संख्या 12495 में एक लापता किशोरी के होने की सूचना मिली थी। इसके बाद कानपुर सेंट्रल पोस्ट की टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन रात 7:55 बजे प्लेटफॉर्म नंबर चार पर पहुंची तो उप निरीक्षक हिमांशु शर्मा और उनके साथ मौजूद जवानों ने कोचों की जांच शुरू की। तलाशी के दौरान इंजन की ओर से दूसरे सामान्य कोच में किशोरी मिली। टीम उसे सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट ले आई।

पूछताछ में पता चला कि किशोरी जयपुर, राजस्थान की रहने वाली है और बिना बताए घर से निकल गई थी। परिजनों से संपर्क करने पर उसके लापता होने की पुष्टि हुई। इस संबंध में जयपुर के भट्टा बस्ती थाने में सूचना दर्ज कराई गई थी। किशोरी के पास एक ट्रॉली बैग, नकदी और मोबाइल फोन भी मिला।

आरपीएफ ने महिला स्टाफ की निगरानी में किशोरी को सुरक्षित रखा। सूचना मिलने पर उसके माता-पिता भी आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को राजस्थान के भट्टा बस्ती थाने के हेड कांस्टेबल आवश्यक अभिलेख लेकर कानपुर सेंट्रल पहुंचे। दस्तावेजों और पहचान का सत्यापन करने के बाद एएसआई सुनीता ने किशोरी को सकुशल राजस्थान पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

आरपीएफ की सतर्कता से लापता किशोरी को सुरक्षित बरामद कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस के हवाले किया जा सका। किशोरी की निजता की रक्षा के लिए उसकी पहचान और अन्य व्यक्तिगत विवरण प्रकाशित नहीं किए गए हैं।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...