प्रोजेक्ट गिफ्ट के तहत होगा सुधार, लेफ्ट फ्री और यू-टर्न की सुविधा मिलेगी
सड़क सुरक्षा में लापरवाही पर चार अधिकारियों को नोटिस
Kanpur । शहर के 40 प्रमुख चौराहों पर जनवरी 2027 तक यातायात व्यवस्था सुधारी जाएगी। प्रोजेक्ट गिफ्ट के तहत यहां लेफ्ट फ्री व्यवस्था, जरूरत के अनुसार यू-टर्न, दिशा-सूचक बोर्ड और रोड मार्किंग कराई जाएगी। सभी चौराहों के साइट प्लान तैयार होने के साथ डीपीआर और टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में संबंधित विभागों को तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में हुई बैठक में डीएम ने कहा कि चौराहों पर यातायात का दबाव कम करने और आवागमन सुगम बनाने के लिए जरूरी सुधार किए जाएं। लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, नगर निगम और केडीए आपसी समन्वय से काम करेंगे। चौराहों की जरूरत के अनुसार यातायात संचालन की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
इन चौराहों पर होगा सुधार
पहले चरण में रामादेवी, टाटमिल, रावतपुर, घंटाघर, डिप्टी पड़ाव, मूलगंज, सरसैया घाट, एलएलआर अस्पताल, आर्य नगर, बंगला भवन, फजलगंज, चावला मार्केट, नंदलाल, सचान, बर्रा बाईपास, शास्त्री चौक, विजय नगर, शिवली, जरीब चौकी, अफीम कोठी, गोल चौराहा, बारा देवी, डबल पेट्रोल पंप, नौबस्ता, बड़ा चौराहा, नवीन मार्केट, दासू कुआं, नरोना, फूलबाग, कल्याणपुर मेट्रो स्टेशन तिराहा, केंद्रांचल, चंद्रिका देवी, गुमटी नंबर पांच, जूही नहरिया, बकरगंज, नमक फैक्ट्री, जाजमऊ, किदवई नगर, नयागंज और कोका-कोला चौराहे को शामिल किया गया है।
स्कूली वाहनों की होगी जांच
बैठक में स्कूली वाहनों की सुरक्षा और दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर सुरक्षा उपायों के निर्देशों का पालन नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और संबंधित एआरटीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। ब्लैक स्पॉट का दुर्घटना ऑडिट नहीं कराने पर लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिशासी अभियंता को भी नोटिस देने को कहा।
डीएम ने स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच, चालकों का मेडिकल परीक्षण और क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। छात्राओं के सफर वाली स्कूली बसों में महिला कर्मचारी की मौजूदगी सुनिश्चित करने को भी कहा। ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं और जनहानि का ऑडिट कराकर जरूरी सुधार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीडीओ अभिनव जे. जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


