Kanpur । श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त के निर्देशन में डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने गुरुवार को बिठूर थाना क्षेत्र के प्रमुख घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

डीसीपी ने उदरा घाट, पत्थर घाट, ब्रह्मावर्त घाट और रानी लक्ष्मीबाई घाट पर बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरों, जल पुलिस, गोताखोरों, लाइफ जैकेट और मोटरबोट की उपलब्धता का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।

पुलिस कर्मियों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के दौरान डीसीपी पश्चिम ने प्रमुख धर्मगुरुओं से भी वार्ता की। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, यातायात व्यवस्था और आपसी समन्वय बनाए रखने पर चर्चा की गई। धर्मगुरुओं के सुझाव भी लिए गए, ताकि व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाया जा सके। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी (सदर) सहित पुलिस और प्रशासन के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


