नवीन सभागार में जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं को दिए प्रतीकात्मक चेक, धुएं से मिली राहत
Kanpur । उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मंगलवार को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी वितरित की गई। सरसैया घाट चौराहा स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थी महिलाओं को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण लखनऊ के लोकभवन सभागार से किया गया। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कानपुर में विधायक नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वपनिल वरुण, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई और अरुण पाठक ने सुशीला वर्मा, सोमवती वर्मा, पार्वती, पूनम सोनकर, शांति देवी, शम्मों और जीनत समेत अन्य महिलाओं को चेक दिए।
इस दौरान लाभार्थी महिलाओं ने योजना से मिलने वाले फायदे भी बताए। सोमवती वर्मा ने कहा कि गैस सिलेंडर मिलने से अब चूल्हे के धुएं से राहत मिली है। पहले खाना बनाने में आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होती थी। लकड़ी और उपले जुटाने में भी काफी समय खर्च होता था। अब गैस रिफिल पर सब्सिडी मिलने से रसोई का खर्च कम करने में मदद मिल रही है। महिलाओं ने योजना को घरेलू जीवन आसान बनाने वाला बताया।

